सीएम नीतीश कुमार ने शारदा सिन्हा के घर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

Nov 6, 2024 - 14:38
 0  1
सीएम नीतीश कुमार ने शारदा सिन्हा के घर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

पटना : लोक गायिका और बिहार की संस्कृति को दुनिया के कोने कोने तक पहुंचाने वाली बिहार कोकिला, पद्म भूषण शारदा सिन्हा का पार्थिव शरीर बुधवार को पटना लाया गया। विमान से उनका शव पटना एयरपोर्ट पर पहुंचा जहां श्रद्धांजलि देने के लिए आम और खास लोगों की भीड़ जमा हो गई। एयरपोर्ट से उनका पार्थिव शरीर राजेंद्र नगर स्थित उनके आवास पर लाया गया जहां अंतिम दर्शन के लिए स्वर कोकिला के चाहने वालों की भीड़ जमा है। इस बीच सीएम नीतीश कुमार भी उनके आवास पर पहुंचे और अंतिम दर्शन के साथ पुष्पांजलि कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किए जाने का निर्देश दिया। इस दौरान सरकार के कई मंत्री, जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद थे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री कल पटना आ रहे हैं। वे स्व शारदा सिन्हा के आवास पर भी जाएंगे और उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिलाधिकारी पटना को निर्देश दिया कि राजकीय सम्मान के साथ स्व शारदा सिन्हा के अंतिम संस्कार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था समय पर सुनिश्चित किया जाए। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्थानिक आयुक्त नई दिल्ली को स्व शारदा सिन्हा के परिवार के सदस्यों से समन्वय स्थापित कर उनका पार्थिव शरीर वायुयान से पटना भेजने का निर्देश दिया। लगभग दस बजे इंडिगो विमान से परिजन उनके पार्थिव शरीर को लेकर पटना एयरपोर्ट पर पहुंचे। वहां शारदा सिन्हा के दर्शन के लिए हुजूम लग गया। शारदा सिन्हा के पार्थिव शरीर के साथ उनके बेटे अंशुमान और बेटी वंदना भी पहुंचे। बिहार सरकार के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के अलावे मंत्री नितिन नबीन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महेश्वर हजारी भी मौजूद थे। इनके अलावे पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे भी अपने परिजनों के साथ पहुंचे। सबने बिहार कोकिला को श्रद्धांजलि दी।


पटना एयरपोर्ट पर अंशुमान सिन्हा ने बताया कि उनके संबंधि और परिजन दूर रहते हैं। उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। तय किया गया है कि कल(गुरुवार को) आठ बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डेढ़ महीने पहले पिताजी की जहां अंत्येष्टि की गयी थी वहीं पर मां का भी अंतिम संस्कार किया जाएगा ताकि दोनों की आत्मा को शांति मिल सके।


पटना डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री का निर्देश है कि शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाए। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इससे पहले उनके आवास पर सभी प्रकार के प्रशासनिक और सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं।

Files

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow