चंद्रबाबू नायडू हृष्ठ्र विधायक दल के नेता चुने गए, आज लेंगे शपथ
एजेंसी, अमरावती
आंध्र प्रदेश में नई सरकार बनाने के लिए मंगलवार को एनडीए की तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी), जनसेना और भाजपा विधायकों ने विजयवाड़ा में मीटिंग की। इसमें टीडीपी अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू को सर्वसम्मति से एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया। एक्टर से नेता बने जनसेना प्रमुख पवन कल्याण को विधानसभा में फ्लोर लीडर चुना गया। इसके बाद नायडू और कल्याण राज्यपाल एस अब्दुल नजीर से मिलने राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। नायडू 12 जून को विजयवाड़ा में गन्नावरम एयरपोर्ट के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में सुबह 11.27 बजे शपथ लेंगे। सीएम के तौर पर यह उनका चौथा कार्यकाल होगा। समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी सहित कई बड़े नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी होगी अमरावती
मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने से एक दिन पहले तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को घोषणा की कि अमरावती राज्य की एकमात्र राजधानी होगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में तीन राजधानियों की आड़ में कोई खेल नहीं होगा। राज्य के बंटवारे के बाद चंद्रबाबू नायडू पहले मुख्यमंत्री बने। वह 2014 से 2019 तक मुख्यमंत्री रहे। नायडू ने अमरावती को राजधानी बनाने का विचार रखा था।
माझी ओडिशा के नए सीएम, दो डिप्टी सीएम भी बनाए गए
भुवनेश्वर। मोहन माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। भुवनेश्वर में हुई बैठक में बतौर केंद्रीय पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव मौजूद रहे। बैठक के बाद रक्षा मंत्री ने घोषणा की कि भाजपा नेता मोहन चरण माझी ओडिशा के नए सीएम होंगे। केवी सिंह देव और प्रवती परिदा को राज्य का उपमुख्यमंत्री के तौर पर चुना गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।