समाज के अध्यक्ष को चाकू दिखाकर धमकाया:शवयात्रा के बाद आरोपी ने किया विवाद, पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में किया पेश
पंचकुईया मुक्तिधाम के बाहर सोमवार को एक शवयात्रा के दौरान धानक समाज के अध्यक्ष पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। समाज के ही एक व्यक्ति कन्हैया पंसोरिया ने अध्यक्ष विनोद बडले से पहले अभद्रता की और फिर चाकू निकालकर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते बीच-बचाव कर लिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। मल्हारगंज पुलिस ने अध्यक्ष विनोद पुत्र प्रेमसिंह बडले निवासी विद्या पैलेस की शिकायत पर आरोपी कन्हैया पुत्र रामचरण पंसोरिया निवासी द्वारकापुरी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि विनोद बडले धानक समाज के अध्यक्ष होने के साथ-साथ बिल्डिंग मटेरियल के व्यापारी भी हैं। जान से मारने की धमकी दी विनोद बडले जब शवयात्रा से लौट रहे थे, तभी भूतेश्वर मंदिर के पास कन्हैया पंसोरिया ने उन्हें रोका और कहा, "अध्यक्ष बनकर खुद को नेता समझने लगे हो।" इसके बाद उसने अपशब्द कहे और विरोध करने पर चाकू निकाल लिया। जैसे ही उसने हमला करने की कोशिश की, वहां मौजूद समाजजनों ने उसे पकड़ लिया। इस बीच कन्हैया ने विनोद को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पुराना आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के अनुसार कन्हैया पंसोरिया छत्रीपुरा क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ चाकूबाजी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों में कई केस दर्ज हैं। वह एक लूट के मामले में सजा भी काट चुका है। हाल ही में छत्रीपुरा से द्वारकापुरी क्षेत्र में आया है और कुछ समय पूर्व ही उसे पुलिस ने बांड ओवर किया था।

What's Your Reaction?






