10 नहीं, 1 मार्च को आएगी लाड़ली बहना की किश्त

10 नहीं, 1 मार्च को आएगी लाड़ली बहना की किश्त

खुशखबर | सीएम बोले-प्रधानमंत्री मोदी प्रधान सेवक, मैं मुख्य सेवक, बंद नहीं होगी कोई योजना

एजेंसी, अयोध्या

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहन-बेटियों के कल्याण के लिए जारी कोई योजना बंद नहीं होगी। लाड़ली बहना योजना में मार्च माह की किश्त पहली तारीख को बहनों के खाते में जारी कर दी जाएगी। मैं खुद को मुख्यमंत्री नहीं, जनता का मुख्य सेवक मानता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के प्रधानसेवक हैं और मैं मुख्यसेवक के रूप में प्रदेश के विकास और जनकल्याण को समर्पित हूँ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बालाघाट में रोड-शो के बाद जनसभा में बोल रहे थे। डॉ. यादव ने 650 करोड़ की हिंदुस्तान ग्रीन एनर्जी लि. और हिन्दुस्तान टेप्स प्रालि इकाईयों का भूमिपूजन किया तथा बालाघाट के 761 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन किया।  


अयोध्या से अरब देश तक आज हमारे देवालय दैदिप्यमान

मुख्यमंत्री ने कहा कि देशवासी भारत को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित हैं। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। देश की अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति कर रही है, दुनिया के सभी प्रमुख देश भारत से मित्रता को आतुर हैं। आज अयोध्या से अरब देश तक हमारे देवालय दैदिप्यमान हैं। यही कामना है कि देश और सनातन संस्कृति इसी तरह आगे बढ़ती रहे। भारत विश्व की पहले नंबर की अर्थव्यवस्था बने, इस उद्देश्य के लिए मप्र सरकार, पीएम मोदी के नेतृत्व में कार्यरत रहेगी और लोकतंत्र को सशक्त करेगी। मप्र देश का पहले नंबर का राज्य बनेगा।


सीएम करेंगे विधानसभावार दौरे 

सीएम ने कहा कि वे विधानसभा वार दौरा कर विकास, जनकल्याण गतिविधियों का अवलोकन करेंगे तथा स्थानीय लोगों से संपर्क करेंगे। राज्य सरकार संवेदनशील है और गरीबों के हित को समर्पित है तथा पारदर्शी, जवाबदेह व्यवस्था स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Files