सीएम शिवराज ने अपने हाथों से तेंदूपत्ता संग्राहक बहनों को पहनाईं चप्पलें

Jul 27, 2023 - 08:20
 0  1
सीएम शिवराज ने अपने हाथों से तेंदूपत्ता संग्राहक बहनों को पहनाईं चप्पलें

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सिंगरौली जिले के सरई में विकास पर्व के दौरान तेंदूपत्ता संग्राहकों को मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना में चरण पादुकाएँ, पानी की कुप्पी और साड़ी प्रदाय की। मुख्यमंत्री ने कुछ तेंदूपत्ता संग्राहक बहनों को अपने हाथों से चप्पलें पहनाई। उन्होंने 693 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण/भूमि-पूजन और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने क्षेत्र के विकास के लिये कई घोषणाएँ भी कीं..मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जब मेरी तेंदूपत्ता संग्राहक बहने नंगे पांव जंगलों में तेंदूपत्ता तोड़ने जाती थीं और उनके पैर में काँटा चुभता था तो मुझे बहुत दर्द होता था। भाई मुख्यमंत्री हो, तो बहन नंगे पैर क्यों चले। इसे ध्यान में रख हमने मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना बनाई। योजना में प्रदेश के 15 लाख तेंदूपत्ता संग्राहक भाई-बहनों को चप्पल, साड़ी, पानी की कुप्पी दी जाती है। अब निर्णय लिया गया है कि संग्राहकों को छाता भी दिया जाये। इसके लिये 200-200 रूपये की राशि उनके खातों में भिजवाई जा रही है।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार, दोनों निरंतर गरीबों की सेवा और कल्याण के कार्य करती रहती हैं। मेरे लिये जनता ही भगवान है। दीन-दुखियों की सेवा भगवान की सेवा से बढ़ कर है। मेरा जीवन गरीबों की सेवा के लिये है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी गरीबों को नि:शुल्क अनाज, आवास, स्वास्थ्य एवं सभी आवश्यक सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। प्रदेश में ऐसे गरीबों, जिनके पास आवास के लिये जमीन नहीं है, को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना में पट्टे दिये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल योजना नहीं एक क्रांति है। इसने बहनों का जीवन बदल दिया है। इस योजना से मिलने वाली राशि से महिलाओं का आत्म-विश्वास और सम्मान बढ़ा है। अब परिवार में भी उन्हें अधिक सम्मान दिया जा रहा है। बहनों के सशक्तिकरण के लिए हर गाँव में लाड़ली बहना सेना गठित की गई है। यह सेना लाड़ली बहना सहित शासन की सभी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण तथा उन्हें आत्म-निर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं की आमदनी कम से कम 10 हजार प्रतिमाह करना हमारा लक्ष्य है। बहनों को पंचायत-राज संस्थाओं तथा नगरीय निकायों के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया गया है। आज हजारों बहनें समाज का नेतृत्व कर रही हैं। पुलिस की भर्ती में 33 प्रतिशत तथा अन्य भर्ती में भी महिलाओं को आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है। महिलाओं के प्रति दुराचार करने वालों के लिए फाँसी का कानून है। प्रदेश में शराब के सभी अहाते बंद कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तेज गति से विकास किया जा रहा है। जनता को सड़क, पानी, बिजली जैसी सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। हमारी सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिये कार्य कर रही है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण दिलवाया जा रहा है। गरीब किसानों को केन्द्र सरकार से 6 हजार और राज्य सरकार से 6 हजार रूपये मिलाकर कुल 12 हजार रूपये प्रतिवर्ष की सम्मान निधि दी जाती है।

Files

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow