निवाड़ी जिले की ओरछा तहसील में स्थित जामनी नदी में सोमवार शाम नहाने गए शहजाद कुरैशी की डूबने से मौत हो गई। शहजाद राजस्थान के नागौद का रहने वाला था। ओरछा के प्रतापपुर स्थित फ्लाई एक्स फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार को शहजाद अपने छह दोस्तों के साथ जामनी नदी पर घूमने गया था। इनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। सभी नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान शहजाद अचानक गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में डूब गया। दोस्तों ने तुरंत ओरछा थाना पुलिस को सूचना दी। रात होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में देरी हुई। मंगलवार सुबह पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू शुरू किया। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद शहजाद का शव बरामद कर लिया गया। ओरछा थाना प्रभारी रामबाबू शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे से फैक्ट्री के कर्मचारियों और दोस्तों में शोक की लहर है।
What's Your Reaction?
admin 
