बस की टक्कर से आटो के उड़े परखच्चे, एक महिला की मौत
जयसिंहनगर व खन्नौधी के बीच सडक़ हादसा
अनमोल संदेश, शहडोल
शहडोल में बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो में सवार एक महिला की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य को गंभीर चोटें आई हैं। ऑटो बाणसागर जा रहा था। शहडोल जिले के जयसिंहनगर व खन्नौधी के बीच रविवार शाम हुए सडक़ हादसे में ऑटो सवार महिला की मौत हो गई। दो बच्चों को गंभीर चोट आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
गोहपारू थाना पुलिस ने बताया कि पुनिया बाई पति रामबहोर, 40 वर्ष, निवासी मझौली, ऑटो क्रमांक एमपी-18आर-3750 में सवार होकर बाणसागर जा रही थी। महिला के दो बच्चे भी साथ थे। शाम करीब चार बजे खन्नौधी बरहा के समीप रीवा की ओर से आ रही तेज रफ्तार दीपक ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी-18पी-0248 ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी, इससे ऑटो कई पलटी खा गई। ऑटो में सवार पुनिया बाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों बच्चों को गंभीर चोट आई है। लोगों ने पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बस को अपने कब्जे में ले लिया। आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार बस ने पीछे से टक्कर मारकर ऑटो के परखच्चे उड़ा दिए। हादसे में महिला की घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बारातियों से भरी बस पलटी
बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सोमवार की दोपहर पथखई घाट के पास पलट गई। जिससे बस में सवार 12 से अधिक बराती घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस क्रमांक एमपी-51पी-1041 से बरात पाली विकास खंड के ग्राम मछेही से गोपालपुर आई थी। विदाई के बाद बारात लौट रही थी, तब यह हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलने पर सिंहपुर एवं खैरहा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल बरातियों को जिला अस्पताल और सामान्य घायलों को सिंहपुर अस्पताल ले जाया गया है। घटना की जानकारी लगते ही यातायात डीएसपी मुकेश दीक्षित भी घटनास्थल पहुंचे। सभी घायलों को अस्पताल लाया गया है। तीन लोगों को गंभीर चोट आई हैं। उनका उपचार किया जा रहा है।
Files
What's Your Reaction?






