राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ, मुख्यमंत्री ने इसे हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

भोपाल : सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्म जयंती के मौके पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भोपाल में रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीटी नगर स्टेडियम में राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, खेल मंत्री विश्वास सारंग, सीएस अनुराग जैन, डीजीपी सुधीर सक्सेना मौजूद थे।
कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- आज धन्वंतरि जयंती है। आज कितना सुखद दिन है। इस देश का स्वास्थ्य का ध्यान आजादी के साथ सरदार पटेल ने रखा था। अंग्रेजों ने 14 अगस्त को पाकिस्तान अलग कर दिया था यानि ये संकेत दिया था कि सारी रियासतें अलग होकर इस देश में गृह युद्ध हो जाए। उस युद्ध को बचाते हुए अपनी बुद्धि से सारी रियासतों को दो साल से भी कम समय में मिलाकर इस देश को जो स्वरूप दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल के विराट व्यक्तित्व को समाज में पुर्नस्थापित करने के लिए रन फॉर यूनिटी का काम किया।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- सरदार पटेल ने देश को एक सूत में बांधा। आजादी के बाद एक टीस थी, जम्मू कश्मीर में धारा 370। भारत पर बड़ा प्रश्न था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 370 हटाकर संपूर्ण भारत को एक सूत्र में बांधने का काम किया। आज सरदार पटेल की जन्म जयंती पर पूरा देश दौड़ रहा है।
31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती के दिन ही दीपावली का पर्व भी है। इस वजह से 29 अक्टूबर को रन ऑफ यूनिटी का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने और देश की एकता के मंत्र के साथ ही फिटनेस के मंत्र को भी हर तरफ फैलाने की अपील की है। राष्ट्रीय एकता दिवस पर होने वाली शपथ और रन फॉर यूनिटी के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जिलों में भी यह आयोजन हो रहे हैं। जिन जिलों में विधानसभा उप चुनाव की प्रक्रिया चल रही है, वहां आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रन फॉर यूनिटी का रूट तय किया गया है कि खेल स्टेडियम से कमला नेहरू स्कूल होकर टॉप एंड टाउन, रोशनपुरा चौराहा से वापस अपेक्स बैंक होते हुए खेल स्टेडियम पर समापन हुआ। रन फॉर यूनिटी में हजारों की संख्या में युवा, खिलाड़ी, कोच, स्कूली बच्चे, टीचर्स आदि शामिल हुए।
Files
What's Your Reaction?






