दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल
अनमोल संदेश, भोपाल
शहर में बीते 24 घंटे में हुए दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई , जबकि एक बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। पहली घटना गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे कोलार थाना क्षेत्र के अमरनाथ पुलिया के पास हुई। वहां एक फॉच्र्यूनर कार ने बाइक को टक्कर मार दी , जिससे बाइक सवार एक ही परिवार के एक सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके बेटे की इलाज के दौरान देर रात हमीदिया अस्पताल में मौत हो गई। बाइक सवार तीसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया है। यह हादस उस समय हुआ जब 610 क्वार्टर कोलार निवासी राजू सरदार (50), अमरदीप सरदार (28) और विक्की सरदार (25) काम से घर लौट रहे थे। राजू पेंटिंग ठेकेदारी का काम करता है। उनका बेटा अमरदीप और भतीजा विक्की उनके साथ ही काम करते थे। वे नीलबढ़ स्थित साइट से हादसे के समय लौट रहे थे। बताया जाता है कि हादसे के समय राजू बाइक पर सबसे पीछे बैठे थे। टक्कर लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक अमरदीप ने चार साल पहले ही लव मैरिज की थी। दो दिन बाद 14 अप्रैल को उसका जन्मदिन था। उसका एक बच्चा भी है।
दूसरी घटना देर रात कांग्रेस कार्यालय के सामने हुई। यहां पर भी तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बच्ची गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हबीबगंज पुलिस के तुमाबिक गुरुवार देर रात करीब 12.10 बजे कांग्रेस दफ्तर के सामने बाइक से जा रहे अन्ना नगर निवासी दीपक की बाइक को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दीपक की मौत हो गई। उसकी पत्नी गीता और 2 वर्षीय बेटी अनन्या गंभीर घायल हो गई। हादसे के समय वे लोग न्यूमार्केट से खरीददारी कर लौट रहे थे। अन्ना नगर में रहने वाले राजेश बाबुल गुरुवार शाम को दीपक , पत्नी गीता और बेटी अनन्या के साथ 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती पर पहनने के लिए कपड़े लेने न्यूमार्केट गए थे। देर रात 12 बजे वह शॉपिंग करके जब अन्ना नगर लौट रहे थे, तभी लिंक रोड नंबर एक पर कांग्रेस दफ्तर के सामने तेज रफ्तार कार ने बाइक चला रहे दीपक को टक्कर मार दी थी। दीपक की शादी चार साल पहले हुई थी। वह पेशे से ड्राइवर था।