जौरा, अम्बाह और मुरैना में कार्यकर्ता सम्मेलन कांग्रेस ने सेना का अपमान कर मुरैना की जनता का अपमान किया : वीडी

अनमोल संदेश, मुरैना
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को मुरैना लोकसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में जौरा, अम्बाह और मुरैना में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं ने हमेशा सेना का अपमान कर मुरैना की जनता का अपमान किया है। मुरैना के हजारों सपूत देश की रक्षा के लिए सरहदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों का कल्याण कर उनका जीवन बदल दिया है। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी से राम मंदिर निर्माण में हमेशा से रोड़े अटकाए हैं। लोकसभा का यह चुनाव धर्म और अधर्म के बीच का है।
कांग्रेस नेता अब पार्टी में नहीं रहना चाहता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के देश और प्रदेश के अंदर इतने बदतर हालात हैं कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के घर इंदौर में ही उनका लोकसभा प्रत्याशी नामांकन वापस ले लेते हैं और कहते हैं कि अब हमें चुनाव नहीं लडऩा। कांग्रेस के इस प्रकार के हालात आज देश एवं प्रदेश के अंदर बने हैं।
यह चुनाव धर्म और अधर्म का है: तोमर
भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह लोकसभा का चुनाव धर्म और अधर्म के बीच है। नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर देश को विकास के रास्ते पर तेज गति से लेकर जाना है।