पूर्व सीएम दिग्विजय को किया गिरफ्तार

अनमोल संदेश, भोपाल
अब तक ईवीएम को लेकर सवाल खड़े करते आ रहे पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह अब इस मामले में सड़क पर उतर आए हैं। वे दिल्ली में ईवीएम के खिलाफ हो रहे धरने में शामिल होने पहुंचे, जहां पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
ये धरना ईवीएम हटाओ मोर्चा की ओर से आयोजित किया जा रहा था। हालांकि, धरने की अनुमति नहीं होने की वजह से जंतर-मंतर से पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रवाना कर दिया और दिग्विजय सिंह और धरने के आयोजक उदितराज को हिरासत में ले लिया। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि ईवीएम पर हम 2018 से सवाल उठा रहे हैं और अब इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएंगे।
ईवीएम के खिलाफ मेरी पर्ची मेरे हाथ अभियान
ईवीएम के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए धरना को मेरी पर्ची मेरा अभियान नाम दिया गया है। हालांकि, यहां पर धरने की अनुमति नहीं होने की वजह से लोगों को रवाना होना पड़ा। धरना निरस्त करने पर उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है कि इस धरने की मंजूरी ली गई थी, लेकिन दो दिन पहले इस शांतिपूर्ण धरने की मंजूरी को निरस्त कर दिया है। उन्होंने सवाल किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार इतनी घबराती क्यों है। घबरा कर मंजूरी निरस्त कर दी गई। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को भी इसका नोटिस लेना चाहिए, अब ईवीएम हटाओ देश बचाओ अभियान गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
भाजपा ने कसा तंज
इस मामले में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा से जब प्रश्न किया गया तो उन्होंने मीडिया से कहा, दिग्विजय सिंह अफवाह फैलाते हैं, इसलिए कानून के तहत दिल्ली पुलिस ने अपना काम किया है।