दुर्लभ और उपयोगी पुस्तकों को निकालकर किया वाचन

अनमोल संदेश, भोपाल
नगर निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायण ने शनिवार को निगम द्वारा संचालित डॉ. अंबेडकर पुस्तकालय एवं पं. शीतल प्रसाद तिवारी पुस्तकालय का निरीक्षण कर पुस्तकालय की व्यवस्था एवं पुस्तकों का अवलोकन किया। श्री नारायण ने डॉ. अंबेडकर पुस्तकालय के विभिन्न रैकों एवं अलमारियों में उपलब्ध दुर्लभ एवं उपयोगी पुस्तकों को स्वयं निकालकर उनका वाचन किया।
उन्होंने यहां पुस्तकों का अच्छा कलेक्शन बताया तथा पुस्तकालयों में हर वर्ग के पठन-पाठन के लिए प्रतिमाह नवीन पुस्तकें क्रय करने तथा कारवां एवं फ्रंटलाइन मैगजीन मंगवाने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त ने पं. शीतल प्रसाद तिवारी पुस्तकालय में भी पुस्तकों को निकालकर उनका वाचन किया तथा राजा भोज एवं रानी कमलापति व्यक्तित्व एवं कृतित्व व्याख्या केन्द्र का अवलोकन किया तथा परिसर के आकर्षक स्वरूप की सराहना भी की। निगम आयुक्त ने शनिवार को सुबह निगम द्वारा संचालित पुस्तकालयों में से डॉ. अंबेडकर पुस्तकालय फतेहगढ़ एवं पं. शीतल प्रसाद तिवारी पुस्तकालय शिवाजी नगर का निरीक्षण किया और पुस्तकालयों के संचालन का समय, पुस्तकालय की सदस्यता एवं शुल्क, पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, छात्र-छात्राओं के अध्ययन आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की।