तिरंगामय हुई झीलों की नगरी
'कर्मश्री का आयोजन : सीएम-विधायक के साथ 70 हजार नागरिक तिरंगा यात्रा में हुए शामिल
अनमोल संदेश, भोपाल
बुधवार की दोपहर मुखर्जी नगर कोलार से संतनगर की भैंसाखेड़ी कृषि उपज मंडी तक निकली 'कर्मश्री की तिरंगा यात्रा के चलते पूरा भोपाल तिरंगामय हो गया था। तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और आयोजक संस्था के अध्यक्ष विधायक रामेश्वर शर्मा तिरंगा रथ पर सवार होकर यात्रा के आगे चले। उनके पीछे 35 हजार बाईकों पर सवार 70 हजार युवा हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए कतारबद्ध चलते हुए विहंगम दृश्य उत्पन्न कर रहे थे। मुख्यमंत्री मदर टेरेसा स्कूल से चूनाभट्टी चौराहे तक आठ किलोमीटर तक तिरंगा रथ पर सवार होकर हाथ में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रियों के साथ चले। पूरे यात्रा मार्ग में जगह-जगह बनाए गए स्वागत मंचों से मुख्यमंत्री विधायक एवं तिरंगा यात्रियों का जबरदस्त स्वागत हुआ। तिरंगा यात्रा पूर्वाह्न 11.30 बजे आरंभ हुई थी जो दो घंटे बाद 1.30 बजे अपने गंतव्य भैंसाखेड़ी कृषि उपज मंडी पहुंची। 30 किलोमीटर लंबे इस यात्रा मार्ग के अधिकांश स्थानों पर स्वागत के लिए मानव श्रृंखला सी बनी हुई थी जबकि 700 से अधिक स्थानों पर पर स्वागत मंचों से समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
70 हजार लोगों ने किया सामूहिक राष्ट्रगान
तिरंगा यात्रा आरंभ होने के पूर्व आरंभ स्थल पर निर्मित मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा साफा पहनाकर स्वागत किया गया। यहां मंचीय उद्बोधन के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधायक रामेश्वर शर्मा सहित तिरंगा यात्रा में शामिल 70 हजार युवाओं ने एक साथ राष्ट्रगान किया।
सीएम ने ली सेल्फी
तिरंगा यात्रा आयोजन स्थल पर मीडिया के लिए विशेष रूप से बनाए गए मंच से सीएम डॉ. मोहन यादव ने जब तिरंगा यात्रियों का विशाल जनसमुद्र देखा तो अपने आप को सेल्फी लेने से नहीं रोक पाए। उन्होंने विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ मिलकर तिरंगे रंग में रंगे विशाल जनसमुद्र के सामने मंच पर खड़े होकर सेल्फी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा की भव्यता से अभिभूत होते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि यह तिरंगा यात्रा एक नया रिकॉर्ड कायम करने वाली है।
स्वागत के लिए उमड़ा सैलाब
तिरंगा यात्रा के मार्ग में 500 से अधिक स्थान पर यात्रा का स्वागत होने की संभावना व्यक्त की गई थी, लेकिन स्वागत उम्मीद से ज्यादा हो रहा है। कोलार क्षेत्र में मदर टेरेसा स्कूल से चूना भट्टी चौराहे तक तो स्वागत के मंच की ऐसी श्रृंखला थी कि इसकी भी एक कतार सी ही बन गई थी। सिर्फ कोलार में ही 350 से अधिक स्थानों पर तिरंगा यात्रा का स्वागत हुआ। जबकि इसके आगे के यात्रा मार्ग में भी इससे ज्यादा स्वागत मंच बने हुए दिखाई पड़े। कोलार के ललिता नगर चौराहे पर 10 बुलडोजर से नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के स्वागत के लिए कोलार क्षेत्र को अद्भुत रूप से सजाया गया था। आगे के यात्रा मार्ग में भी हर 100 कदम पर हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ों लोगों का हुजूम खड़ा दिखाई पड़ा।
प्राण भले ही जाएं, लेकिन तिरंगा झुकने न पाए : यादव
तिरंगा यात्रा आरंभ होने के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से उपस्थित तिरंगा यात्रियों के विशाल जन समुद्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भोपाल की धरती से निकल रही यह तिरंगा यात्रा वाकई अद्भुत है। यात्रा में शामिल युवाओं की संख्या और जोश देखकर मन गदगद है। मैं आह्वान करता हूं कि सभी युवा संकल्प लें की तिरंगे को कभी ना झुकने देंगे। प्राण भले ही चले जाएं, लेकिन तिरंगा झुकने न पाए। सीएम डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा के आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता के लिए रामेश्वर शर्मा की तैयारी व्यवस्था और आयोजन में अनुशासन वाकई अद्भुत होता है। उन्होंने विधायक शर्मा को भारत की इस विशाल तिरंगा यात्रा के आयोजन के लिए बधाई भी दी। सीएम ने हर घर तिरंगा अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के जन-जन को तिरंगा फहराने का अधिकार मिला है।
मोदी जी ने हर हाथ में तिरंगा थमाकर आम नागरिक को गौरवान्वित किया है। अखंड भारत संकल्प दिवस के बारे में बोलते हुए सीएम ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को हमें आजादी तो मिली लेकिन भारत विभाजन की त्रासदी भी साथ मिली। इस त्रासदी की टीस आज भी हर देशभक्त के मन में है। 14 अगस्त का दिन हमें हर वर्ष इसकी याद दिलाता है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व का नेतृत्व कर रहा है। तब हर देशभक्त नागरिक के मन में अखंड भारत की परिकल्पना होती है।
शहीदों, क्रांतिकारियों को नमन है तिरंगा यात्रा : रामेश्वर शर्मा
कर्मश्री संस्था के अध्यक्ष हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह तिरंगा यात्रा देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों और क्रांतिकारियों के चरणों में हमारा नमन है। उन्होंने कहा कि पूर्व में तिरंगा विशिष्ट जनों की शान हुआ करता था लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय से देश के 140 करोड़ नागरिक हर्षित हुए हैं कि उन्हें भी हाथों में तिरंगा लेने का अधिकार मिला है। मोदी जी के हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देश का बच्चा-बच्चा हाथों में तिरंगा थाम कर भारत माता की जय के जयकारे लगा रहा है। यह अद्भुत दृश्य है। पूरा देश तिरंगामय है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पूरा मध्य प्रदेश भी तिरंगामय है। भोपाल में भी आज इस तिरंगा यात्रा के चलते अद्भुत दृश्य है। भोपाल के अधिकांश नागरिक प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से इस यात्रा से जुड़े हैं। यह देशभक्ति का अद्भुत ज्वार है जो कभी उतरने नहीं वाला अपितु यह लोगों के दिलों में स्थाई रूप से समा चुका है।
मुख्यमंत्री आज भोपाल में करेंगे ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री अपने जिलों में ध्वजारोहण करेंगे। इसमें कुछ मंत्रियों के पास दो दो जिलों को प्रभार है। इसको लेकर मंगलवार को सरकार ने मंत्रियों के ध्वजारोहण को लेकर सूची जारी कर दी थी। प्रदेश में 30 मंत्री जिलों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। वहीं, बाकी 24 जगह कलेक्टर ध्वजारोहण करेंगे। प्रदेश में 32 मंत्रियों में दो मंत्री विजय शाह और राकेश सिंह का ध्वजारोहण की सूची में नाम शामिल नहीं है। इन दोनों मंत्री की जगह कलेक्टर ध्वजारोहण करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और जनता के नाम संदेश पढ़ेंगे। वहीं, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर में झंडा फहराएंगे।
Files
What's Your Reaction?






